तिलहर में अल्लामा इकबाल अवार्ड से नवाजे गए डॉ. बृजभूषण

टेन न्यूज।। 09 नवम्बर 2026 ।। अमुक सक्सेना, तिलहर
शाहजहांपुर। महान शायर और ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा’ के रचयिता डॉ. अल्लामा इकबाल की यौमे पैदाइश पर बिजलीपुरा स्थित मदरसा नूरुल हुदा में उर्दू दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुशायरे का आयोजन हुआ, जिसमें कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का आयोजन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में हुआ, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ शायर असगर यासिर ने की। मुख्य अतिथि स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आदर्श पांडे रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलावते कलाम पाक से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने अल्लामा इकबाल के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि इकबाल की शायरी ने समाज में आत्मसम्मान, शिक्षा, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया।
मुशायरे में विभिन्न शायरों ने गजल, नातिया कलाम और देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाएं पेश कीं। बरेली से आए कवि-शायर डॉ. बृजभूषण बरेलवी को डॉ. अल्लामा इकबाल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
वहीं, बरेली के मनोज मुसाफिर और मुख्य अतिथि डॉ. आदर्श पांडे को शाल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जुबेर आलम, सुधाकर तिवारी एडवोकेट, इजहार, शारिक, कामरान समेत तमाम लोग मौजूद रहे।