बरेली में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 122 उपनिरीक्षकों के तबादले

एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रशासनिक समायोजन के तहत जारी किए आदेश, शहरी और ग्रामीण थानों के साथ चौकी प्रभारियों की भी बदली जिम्मेदारी
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! राकेश कुमार ब्यूरो , बरेली यूपी
बरेली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी ने प्रशासनिक समायोजन, रिक्त पदों को भरने और पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए 122 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के स्थानांतरण किए हैं। जारी आदेश के तहत कई थानों के वरिष्ठ उपनिरीक्षकों, चौकी प्रभारियों और अन्य उपनिरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है।
इस फेरबदल में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रमुख थाने शामिल हैं। कोतवाली, कैंट, इज्जतनगर, बारादरी, प्रेमनगर, सुभाषनगर, किला, सीबीगंज, भोजीपुरा, बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, फरीदपुर, सिरौली, शाही, शीशगढ़, शेरगढ़, नवाबगंज, हाफिजगंज, भमौरा, भुता, विशारतगंज, देवरनियां और फतेहगंज पश्चिमी सहित विभिन्न थानों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बदली गई है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी
स्थानांतरण सूची में वरिष्ठ उपनिरीक्षक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। श्रीनिवास को थाना कैंट से भमौरा, धर्मेंद्र सिंह को थाना शीशगढ़ से कोतवाली, राजकुमार को थाना भोजीपुरा से इज्जतनगर तथा धर्मेंद्र कुमार को थाना इज्जतनगर से आंवला भेजा गया है। वहीं, धर्मपाल सिंह को थाना आंवला से मीरगंज में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई चौकी प्रभारियों को भी नई तैनाती मिली है। अनूप सिंह को कुतुबखाना चौकी से आंवला कस्बा चौकी, राजा भारद्वाज को बैरियर-1 चौकी इज्जतनगर से बिहारीपुर चौकी कोतवाली, रोहित तोमर को बिहारीपुर से बल्लिया चौकी भमौरा और नरेंद्र शर्मा को बल्लिया से थाना हाफिजगंज भेजा गया है।
इसके अलावा कोमल कुंडू, मोहित कुमार, हीरेंद्र सिंह, सौरभ डेढ़ा, वकार अहमद, राहुल कुमार, नरेंद्र सिंह राघव, रविंद्र सिंह सहित अन्य उपनिरीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
महिला उपनिरीक्षकों का भी हुआ स्थानांतरण
तबादला सूची में महिला उपनिरीक्षकों को भी शामिल किया गया है। भारती रानी, प्रियंका, कोमल कुंडू, ज्योति त्यागी, रिंकी यादव, साक्षी शर्मा और पायल रानी सहित अन्य महिला उपनिरीक्षकों को अलग-अलग थानों में नई तैनाती दी गई है। महिला थाना समेत अन्य थानों में भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के बहेड़ी, मीरगंज, आंवला, फरीदपुर, भमौरा, भुता, शेरगढ़, शाही, शीशगढ़, नवाबगंज और हाफिजगंज जैसे थानों में भी कई उपनिरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। वहीं बारादरी, इज्जतनगर, भोजीपुरा, सीबीगंज और कोतवाली जैसे महत्वपूर्ण थानों में भी पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य के इस व्यापक फेरबदल को जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती पाने वाले उपनिरीक्षकों के सामने अपने कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने की जिम्मेदारी होगी।
रिपोर्टर राकेश कुमार।