• Fri. Nov 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सीयूरा मोड़ पर कार और डीसीएम की भीषण टक्कर, दो घायल, बैल की मौत

ByTen News One Desk

Nov 13, 2026
12 Views

सीयूरा मोड़ पर कार और डीसीएम की भीषण टक्कर, दो घायल, बैल की मौत


बैलगाड़ी को टक्कर मारने के बाद डीसीएम में घुसी कार, करीब दो घंटे लगा रहा जाम


टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीयूरा मोड़ कट और सब्जी मंडी के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार कार और सीमेंट से लदी डीसीएम की टक्कर से भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जबकि एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैलगाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदी डीसीएम सीयूरा मोड़ कट से सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान कटरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर जा रही बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार डीसीएम में जा घुसी। हादसे में हिमांशु तिवारी (35) पुत्र श्रीकांत तिवारी निवासी गांधी नगर, इटावा और मुन्ने (50) पुत्र अय्यूब खां निवासी मोहल्ला आतिशबाजान, मीरानपुर कटरा घायल हो गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार, डीसीएम, बैलगाड़ी और मृत बैल को सड़क से हटवाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और आवागमन सुचारू कराया।

वहीं, हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस की तत्परता से जाम खुलने पर राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!