ग्राम आयूं में खाद्य प्रसंस्करण का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए दी गई जानकारी, प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र शाहजहांपुर की ओर से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विकासखंड पुवायां के ग्राम आयूं में 12 और 13 नवंबर 2026 को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रशासक ने किया।
प्रशिक्षण में लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित विभिन्न जानकारियां देकर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। प्रभारी अधिकारी खाद्य प्रसंस्करण असीम कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) तथा उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षार्थियों को बताया गया कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर पात्र परियोजनाओं में संयंत्र, मशीनरी और तकनीकी सिविल कार्य पर किए गए व्यय का 35 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, अधिकतम पांच करोड़ रुपये तक मिल सकता है। मौजूदा असंगठित खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के उन्नयन के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक क्रेडिट लिंक्ड अनुदान का प्रावधान भी समझाया गया।![]()
मिनी फ्लोर मिल, मिनी राइस मिल, मिनी ऑयल एक्सपेलर, दलिया, मसाला उद्योग और दूध आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण की जानकारी दी गई। व्याख्यानदाताओं में विमलेश कुमार, अखिलेश कुमार, डीआरपी पवन कुमार, अमन कुमार, ग्राम प्रधान नरवीर और अनुराग गुप्ता शामिल रहे।
प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण साहित्य वितरित किया गया तथा जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर गिरीश, छत्रपाल, रामफूल, मोनी देवी, अवधेश कुमार, पप्पू सिंह, हिमांशु सिंह, ब्रजकिशोर, अनुज कुमार, विशाल बाबू, शिफा और शिव कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।