विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
शाहजहांपुर में 2,602 मतदान केंद्रों के लिए 209 सेक्टर अधिकारी तैनात, डीएम ने समन्वय और स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत 12 नवंबर को गांधी भवन प्रेक्षागृह में सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रशिक्षण में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देशों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर्स और सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स आपसी समन्वय बनाए रखें तथा एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा कर लगातार संपर्क में रहें। उन्होंने अधिकारियों को अपने आवंटित मतदान केंद्रों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रमण का रूट इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण अधिकतम दो घंटे में पूरा हो सके। मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, शौचालय, बिजली और फर्नीचर जैसी न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने जर्जर विद्यालय भवनों को विशेष रूप से चिह्नित करने और ऐसी स्थिति मिलने पर संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कराने को कहा। उन्होंने बताया कि संबंधित उप जिलाधिकारी ही निर्वाचन में रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाएंगे। इसलिए सेक्टर अधिकारियों को उनके साथ बेहतर तालमेल रखना होगा।
प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकारियों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों का आकलन किसी दबाव, प्रभाव या पूर्वाग्रह के बिना किया जाए। मतदाताओं को डराने, बाहुबल अथवा धनबल का इस्तेमाल करने वाले तत्वों को चिह्नित कर नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,602 मतदान केंद्रों के सापेक्ष 209 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इनमें कटरा में 415 मतदान केंद्रों के लिए 35, जलालाबाद में 455 के लिए 35, तिलहर में 419 के लिए 32, पुवायां में 450 के लिए 42, शाहजहांपुर में 410 के लिए 32 तथा ददरौल में 453 मतदान केंद्रों के लिए 33 सेक्टर ऑफिसर तैनात हैं।
प्रशिक्षण में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, मतदान केंद्रों के मार्गों के सत्यापन और प्री-पोल जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मो. आवेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
9 Views