शादी का झांसा देकर दस महीने तक शोषण का आरोप, मुकदमा दर्ज

हरियाणा ले जाकर साथ रखने का दावा, शादी की बात पर मारपीट कर घर से निकाला; जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी, बरेली । शादी का झांसा देकर एक महिला को हरियाणा ले जाकर करीब दस महीने तक साथ रखने और शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। महिला ने युवक पर शादी से मुकरने, मारपीट कर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब दस महीने पहले एक युवक उसे शादी का भरोसा देकर हरियाणा के जिला बल्लभगढ़ ले गया था। महिला के मुताबिक, युवक ने उससे विवाह करने और जीवनभर साथ रखने का वादा किया था। इसी भरोसे पर वह उसके साथ चली गई।
महिला का आरोप है कि हरियाणा में रहने के दौरान युवक ने उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार शारीरिक संबंध बनाए। करीब दस महीने बाद जब उसने शादी और भविष्य को लेकर बात की तो युवक का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि उसने महिला को अपने घर में रखने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह भयभीत है। परेशान होकर उसने 12 नवंबर को थाना फतेहगंज पूर्वी पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।