बिलपुर क्रॉसिंग पर भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी

आरओबी के पोल और वनवे ट्रैफिक व्यवस्था से बढ़ी परेशानी, गन्ने की ट्रालियों व बड़े वाहनों ने रोकी रफ्तार
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी, बरेली । बदायूं-दातागंज मार्ग स्थित बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को दिनभर रुक-रुककर जाम लगता रहा, जबकि शाम होते-होते वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। इसके अलावा गन्ने से भरी ट्रालियों और अन्य बड़े वाहनों के कारण आवागमन बाधित रहा।
क्रॉसिंग पर जाम की प्रमुख वजहों में सड़क के बीचोंबीच बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पोल और वनवे ट्रैफिक व्यवस्था को भी माना जा रहा है। सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। खासकर गन्ने से भरी ट्रालियां और बड़े वाहन रास्ता घेर लेते हैं, जिससे पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार थम जाती है और जाम लग जाता है।
शाम के समय हालात और बिगड़ गए। चारपहिया वाहनों के बीच फंसे दोपहिया वाहन चालकों को भी निकलने का रास्ता नहीं मिला। कई लोग काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम से राहगीरों, मरीजों, स्कूली बच्चों और जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
लोगों ने मांग की है कि बड़े वाहनों के आवागमन और वनवे ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि बिलपुर क्रॉसिंग पर जाम की समस्या से राहत मिल सके।