गैस चूल्हे की जगह हीटर पर बच्चों से बनवाया जा रहा मिड-डे मील

हादसे की आशंका के बीच जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल, राशन की हेराफेरी और धनराशि निकालने में अनियमितता के भी आरोप
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के भाग्यनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बिहारी स्थित कंपोजिट विद्यालय में मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम प्रधान ने विद्यालय में बच्चों से विद्युत हीटर पर खाना बनवाने, राशन की हेराफेरी और मिड-डे मील की धनराशि निकालने में अनियमितता के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान ने विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत नियामतपुर बिहारी की प्रधान प्रीति देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए बनने वाला मिड-डे मील विद्युत हीटर पर बच्चों से ही तैयार कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह बच्चों से खाना बनवाना जोखिम भरा है और कभी भी हादसा हो सकता है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले मिड-डे मील के निर्धारित मेनू और मानकों के विपरीत टाटरी केमिकल डालकर मठा के आलू बनवाए गए थे। इसके अलावा विद्यालय के लिए आने वाले राशन को पूरा विद्यालय तक न पहुंचाकर रास्ते में ही बेच दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
ग्राम प्रधान ने मिड-डे मील की धनराशि सहखातेदार ग्राम प्रधान के हस्ताक्षर के बिना अनियमित तरीके से निकाले जाने की बात भी कही है। उनका आरोप है कि पहले विद्यालय में चूल्हे पर खाना बनाया जाता था। अधिकारियों से शिकायत के बाद अब विद्युत हीटर का इस्तेमाल किया जाने लगा है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल लगाए गए आरोपों पर विभागीय जांच और संबंधित विद्यालय का पक्ष सामने आना बाकी है।