• Sat. Nov 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पुरानी रंजिश में मारपीट से घायल युवक की मौत, पांच लोगों पर हमले का आरोप

ByTen News One Desk

Nov 14, 2026
3 Views

पुरानी रंजिश में मारपीट से घायल युवक की मौत, पांच लोगों पर हमले का आरोप


ग्वालियर में उपचार के दौरान तोड़ा दम, पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी


टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !!  ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सात नवंबर की रात हुई मारपीट के बाद युवक का ग्वालियर में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने पहले से दर्ज मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुर प्रताप सिंह निवासी अंकित दोहरे पुत्र श्याम सुंदर सात नवंबर की रात करीब आठ बजे फुटेकुआं से बाजार करके घर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के पास जयवीर पुत्र दुलारे और उसके रिश्तेदार शिवम ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। किसी तरह घर पहुंचे अंकित ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद अंकित के चाचा सुभाष पुत्र काशीराम दोहरे उन्हें लेकर शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां दीपू पुत्र बृज मोहन, आशीष पुत्र राजू, राम सिंह पुत्र दुलारे और शिवम पुत्र प्रमोद ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से अंकित पर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। वहां से परिजन बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर ले गए, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घायल अंकित की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पूर्व में दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!