भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से दर्शाया जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास, यशवंती प्रथम स्थान पर रहीं
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राजकीय हाईस्कूल मित्रसेनपुर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिला सशक्तिकरण युवा मंडल की अध्यक्ष अर्चना कश्यप के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।![]()
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरफाक अहमद खान एवं अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान शिक्षकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके जीवन, संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना तथा देश की स्वतंत्रता में योगदान के बारे में जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के प्रतीक थे। उन्होंने समाज को संगठित कर अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन आज भी युवाओं को साहस, नेतृत्व, आत्मसम्मान और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, व्यक्तित्व, संघर्ष और जनजातीय संस्कृति को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इसमें यशवंती ने प्रथम, केश ने द्वितीय और अलीसा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया।![]()
इस अवसर पर शिक्षक बृजेश कुमार, संजय कुमार यादव, नीलू सिंह, कंचन यादव और अनुरुद्ध कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रप्रेम और रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट, टेन न्यूज़।