मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान

स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर की जांच, महिलाओं-बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत सोमवार को जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने प्रमुख मार्गों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं अराजक तत्वों की चेकिंग की गई। टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी भी ली।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।![]()
इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों, महिला अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए चेकिंग तथा जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।