प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे कराने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में सोमवार, 16 नवंबर को प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। विकास कार्यों की गुणवत्ता, निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।![]()
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक और वैधानिक कार्रवाई तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। पुलिस विभाग की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।