मुख्यमंत्री योगी ने पत्र लिखकर कन्नौज के समाजसेवियों की सराहना की

पंकज मिश्रा सहित चार लोगों के सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रयासों को बताया सराहनीय
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज के समाजसेवी पंकज मिश्रा सहित उमेश जी, मिलन जी और आकाश जी को पत्र लिखकर उनके सामाजिक कार्यों, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा वंचित और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को लिखे गए इस पत्र को समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि लोकतांत्रिक समाज की शक्ति उन नागरिकों से बढ़ती है, जो निःस्वार्थ भाव से समाज के हित में काम करते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर लोगों की समस्याओं को समझते हैं और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे लोग समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।
पत्र में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपराध, माफिया और अराजकता का प्रभाव समाज के विभिन्न वर्गों पर था। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद कानून का राज स्थापित करना सर्वोच्च प्राथमिकता रही और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे नागरिकों को निर्भय होकर अपने अधिकारों की बात रखने का वातावरण मिल सके।
मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की ओर से गरीबों, वंचितों, वृद्धजनों, दिव्यांगों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। वे जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझते हैं।
पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ सशक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को आवश्यक बताया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सेवा भाव, संवेदनशीलता और जनसरोकार विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की यात्रा को और मजबूत करेंगे।
मुख्यमंत्री की ओर से पत्र लिखकर सामाजिक योगदान की सराहना किए जाने को कन्नौज के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है। यह सम्मान समाजसेवा से जुड़े लोगों को जनहित में निरंतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।