अयोध्या में सड़क हादसे में घायल हुए भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान

फॉर्च्यूनर को ट्रेलर ने मारी टक्कर, सिर और पैर में आई चोट; हालत खतरे से बाहर
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! राकेश सिंह , सुलतानपुर
अयोध्या। मिल्कीपुर से भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान रविवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। वह भारतकुंड महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भंभवा चौराहे पर ओवरटेक करते समय एक ट्रेलर ने उनकी फॉर्च्यूनर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विधायक के सिर और पैर में चोटें आईं।
घटना के बाद विधायक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद विधायक के काफिले में शामिल दो गाड़ियों ने ट्रेलर का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर जिला अस्पताल पहुंचे और विधायक का हाल जाना। भाजपा नेताओं के साथ सपा नेता अजीत प्रसाद ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना।
हादसे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा रही।