बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और साइबर सुरक्षा के प्रति दी जानकारी
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी ,मीरानपुर कटरा
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग की ओर से 16 नवंबर 2026 को ए.बी. रिच इंटर कॉलेज में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षित करना समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेटियां पढ़ेंगी तो परिवार और समाज दोनों आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करना, लिंग भेदभाव समाप्त करना और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देना है।
उन्होंने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और वन स्टॉप सेंटर के बारे में बताया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग की जानकारी दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मिहिर ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और बेटियों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए सदैव सहयोग करेगा।![]()
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकथाम, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। छात्राओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
इस अवसर पर जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित, प्रधानाचार्य मिहिर, लेखाकार अभिषेक कुमार, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में सभी ने बेटियों को शिक्षित करने और समाज में उन्हें समान सम्मान देने का संकल्प लिया।