• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

प्रभारी मंत्री ने रौजा मंडी में धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
5 Views

प्रभारी मंत्री ने रौजा मंडी में धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण


220 केंद्रों पर खरीद जारी, अब तक 3,340 किसानों से 23,774 मीट्रिक टन धान खरीदा गया


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, 17 नवंबर। किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने में कोई परेशानी न हो, इसकी हकीकत जानने के लिए प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को रौजा मंडी परिसर में धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर खरीद की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और किसानों को किए जा रहे भुगतान की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में विभिन्न क्रय एजेंसियों के कुल 220 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं और सभी केंद्रों पर खरीद जारी है। जिले को 3.20 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक 3,340 किसानों से 23,774.409 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। रौजा मंडी परिसर में विभिन्न एजेंसियों के 19 क्रय केंद्र संचालित हैं।

प्रभारी मंत्री ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से बातचीत कर धान बिक्री में आ रही दिक्कतों और भुगतान की स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि शुरुआत में पंजीकरण सत्यापन को लेकर कुछ परेशानी हुई थी, लेकिन अब उसका समाधान हो गया है। वर्तमान में पंजीकरण और धान बिक्री में कोई दिक्कत नहीं आ रही है। किसानों ने यह भी बताया कि पीएफएमएस के माध्यम से उपज का भुगतान मिल रहा है।

निरीक्षण में क्रय केंद्रों पर शासनादेश के अनुरूप आवश्यक उपकरण और अभिलेख व्यवस्थित मिले। किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी संतोषजनक पाया गया।

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी धान क्रय केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य पर उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समय से भुगतान सुनिश्चित कराने और किसी भी किसान को मजबूरी में कम दाम पर धान बेचने की नौबत न आने देने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/जिला खरीद अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति रौजा सहित विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!