• Wed. Nov 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अंकिता की चैट सार्वजनिक करने पर बवाल, विनोद आर्या के घर पहुंचीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता

ByTen News One Desk

Nov 18, 2026
5 Views

अंकिता की चैट सार्वजनिक करने पर बवाल, विनोद आर्या के घर पहुंचीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ता


गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की में सड़क पर गिरीं ज्योति रौतेला


टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो , उधमसिंहनगर उत्तराखंड

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्या के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की के बीच ज्योति रौतेला सहित कुछ महिला कार्यकर्ता सड़क पर गिर गईं। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विनोद आर्या के आवास के बाहर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

दरअसल, रविवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्या के पिता विनोद आर्या मीडिया के सामने आए थे और उन्होंने मामले से जुड़ी कुछ चैट सार्वजनिक की थीं। इसके बाद चैट की प्रामाणिकता, उन्हें सार्वजनिक करने के औचित्य और अंकिता की निजता को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए। सोमवार को पहाड़ी महासभा ने भी विनोद आर्या के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

ज्योति रौतेला ने उठाई गिरफ्तारी की मांग

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि चैट सार्वजनिक कर अंकिता भंडारी की निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में उससे जुड़ी चैट सार्वजनिक करना उचित नहीं है। उन्होंने विनोद आर्या की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस इस मामले को नजरअंदाज नहीं करेगी।

ज्योति रौतेला ने बताया कि वह हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर इस पूरे प्रकरण पर अपना पक्ष रखेंगी।

चैट सार्वजनिक होने के बाद अंकिता भंडारी प्रकरण एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। इस मुद्दे पर विरोध तेज होने के बीच मंगलवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोककर स्थिति संभाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!