डोर-टू-डोर सर्वे कर हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ें: डीएम

एसएसआर-2027 की समीक्षा में बीएलओ को दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
तिर्वा (कन्नौज)। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में कोई भी पात्र नागरिक छूटने न पाए। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सर्वे करें और प्रत्येक परिवार से संपर्क कर मतदाता सूची का सत्यापन सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तिर्वा तहसील सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर-2027) के तहत आयोजित बैठक में सुपरवाइजर और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। जिनका नाम सूची में नहीं है, उनसे फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान पात्र युवाओं, नवविवाहित महिलाओं और छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराएं। महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दें, ताकि मतदाता सूची में महिला-पुरुष अनुपात में सुधार हो सके।![]()
डीएम ने फार्म-6 में आवेदक का नाम, पता, नवीनतम फोटो और मोबाइल नंबर सही दर्ज करने के साथ हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान अनिवार्य रूप से लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) प्रतिदिन कम से कम 10 से 12 बीएलओ के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें और आगामी तीन दिनों में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी समस्या पर बीएलओ अपने सुपरवाइजर, ईआरओ या मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी समन्वय के साथ मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाएं।
बैठक में उपजिलाधिकारी वैशाली, तहसीलदार अभिषेक मिश्रा, तहसीलदार न्यायिक लविन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कन्नौजिया, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित ईआरओ, सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित रहे।