तिलहर में 19 नवंबर से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान

सात दिसंबर तक घर-घर जाकर पात्र लोगों को खिलाई जाएगी दवा, डीएम ने जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को दिए जागरूकता के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना ,
तिलहर (शाहजहांपुर), । फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर मंगलवार को तहसील सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि तिलहर विकासखंड में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक विशेष आईडीए अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराएंगे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अभियान के नोडल अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला मलेरिया अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान पात्र व्यक्तियों को उनकी आयु और लंबाई के अनुसार दवा दी जाएगी। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा सेवन से अलग रखा गया है। इनके अतिरिक्त सभी पात्र व्यक्तियों को दवा का सेवन कराया जाएगा।![]()
जिलाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूरी है। उन्होंने ग्राम प्रधानों, कोटेदारों और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव और भ्रांतियों के कारण कई लोग दवा लेने से मना कर देते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को दवा के लाभ समझाकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि समझाने के बावजूद दवा सेवन से इनकार करने वाले व्यक्तियों, परिवारों या समूहों की सूची तैयार की जाए। ऐसे लोगों को अभियान के दौरान विशेष प्रयास कर दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जाए। अभियान की प्रगति और समस्याओं की समीक्षा के लिए उप जिलाधिकारी तिलहर को दो बार मध्यावधि समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वगणना के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।