कलश यात्रा के साथ साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

अटसू के लोहिया नगर में सात दिन तक होगा कथा का आयोजन, श्रद्धालुओं ने लिया भाग
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। नगर पंचायत अटसू के लोहिया नगर में मंगलवार को साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन के बीच निकली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कथा स्थल पर पहुंची। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक गीत गाए। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कथा स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कथा का शुभारंभ हुआ। वृंदावन से पधारे कथावाचक व्यास गौरव कृष्णाजी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक शांति और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से कथा सुनने और भगवान के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
आयोजक एवं परीक्षित गंगाराम तिवारी ने बताया कि यह आयोजन उनके स्वर्गीय माता-पिता सुखदेवी और बटेश्वर दयाल की स्मृति में कराया जा रहा है। कथा लगातार सात दिनों तक चलेगी। इसमें प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजक गंगाराम तिवारी सहित गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
