• Thu. Nov 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पुवायां में पुलिस मुठभेड़, लूट के तीन आरोपी गोली लगने से घायल

ByTen News One Desk

Nov 19, 2026
9 Views

पुवायां में पुलिस मुठभेड़, लूट के तीन आरोपी गोली लगने से घायल


एसओजी, सर्विलांस और पुवायां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और 20,020 रुपये बरामद


टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। पुवायां क्षेत्र में लूट की घटना में वांछित तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस, नकदी, अवैध तमंचे और घटना में प्रयुक्त बताई गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 19 नवंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे पुवायां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना और सर्विलांस से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर की जा रही चेकिंग के दौरान बड़ागांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए।

घायलों की पहचान अर्पित सक्सेना (21) निवासी बड़ागांव, थाना पुवायां, शाहजहांपुर, मौसम उर्फ आशुतोष (23) निवासी सिसौरा नकूमपुर और नितिन गौतम (19) निवासी सुआताली मुड़िया, थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

लूट का सामान और असलहा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक लैपटॉप, एक बायोमैट्रिक डिवाइस और 20,020 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी पुवायां थाने में दर्ज लूट के मुकदमे से संबंधित हैं।

इस मामले में थाना पुवायां पर मुकदमा संख्या 679/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत पहले से दर्ज है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा संख्या 683/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तीनों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के अनुसार, अर्पित सक्सेना के खिलाफ शाहजहांपुर और पुवायां थाने में चोरी, लूट और आयुध अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। मौसम उर्फ आशुतोष के खिलाफ पुवायां और मोहम्मदी थानों में मारपीट, लूट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं नितिन गौतम के खिलाफ मोहम्मदी थाने में लूट और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पुवायां राजेन्द्र कुमार, एसओजी प्रभारी प्रिन्स शर्मा, सर्विलांस सेल प्रभारी मोहन देव शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक, रमेश कुमार वर्मा, रामकुमार और विनीत कुमार सहित पुवायां थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पुवायां के पर्यवेक्षण में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

Ten News One Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!