यातायात नियमों का पालन करने वालों को एनसीसी कैडेट्स ने भेंट किए गुलाब

जीआईसी तिराहे पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी जानका
टेन न्यूज़ !! १९ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत जीआईसी तिराहे पर एनसीसी कैडेट्स के साथ यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को एनसीसी कैडेट्स ने गुलाब का फूल भेंट कर प्रोत्साहित किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी यातायात ने जीआईसी कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। इसके अलावा एबी रिच इंटर कॉलेज में भी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
प्रभारी यातायात ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, तेज रफ्तार, स्टंट और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने से बचने की अपील की।![]()
विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने और राहवीर बनने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि सड़क हादसे में घायल की मदद करने वाले पात्र राहवीर को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों व परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
शाहजहांपुर पुलिस – सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।