सिंधौली में पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश

भाषण, स्लोगन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के जरिए नशे के दुष्परिणाम बताए, मानव श्रृंखला बनाकर ली नशामुक्त भारत की शपथ
टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। मेरा युवा भारत, शाहजहांपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में शुक्रवार को यशोदा देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंधौली में पड़ोस युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रहा। इसमें युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मुनेश्वर सिंह और विशिष्ट अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य आभा यादव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए।
कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को उजागर किया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। साथ ही विकसित भारत के संकल्प में युवा शक्ति की अहम भूमिका को रेखांकित किया।![]()
नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए मानव श्रृंखला भी बनाई गई। इसमें अतिथियों, शिक्षकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें तो विकसित भारत का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से मेरा युवा भारत के माध्यम से सामाजिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।