• Fri. Nov 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

परिवार परामर्श केंद्र में तीन दंपतियों के विवाद सुलझे

ByTen News One Desk

Nov 20, 2026
3 Views

परिवार परामर्श केंद्र में तीन दंपतियों के विवाद सुलझे


20 मामलों की हुई सुनवाई, आपसी सहमति के बाद पति-पत्नी साथ रहने को हुए राजी


टेन न्यूज़ !! २० नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में शुक्रवार को पारिवारिक विवादों से जुड़े 20 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान काउंसलिंग और आपसी समझाइश के बाद तीन दंपतियों के बीच चल रहे विवादों का समाधान कराया गया। सहमति बनने पर तीनों दंपतियों को साथ रहने के लिए सकुशल विदा किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित परामर्श केंद्र में तिलहर, रोजा और कांट थाना क्षेत्रों के तीन दंपतियों के मामलों में समझौता कराया गया।

तिलहर क्षेत्र के एक दंपति का विवाह छह वर्ष पूर्व हुआ था। पत्नी पिछले दो माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने का आरोप लगाया। पत्नी ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन व्यवहार में सुधार की शर्त रखी। पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी को खर्च देने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों साथ रहने को राजी हो गए।

इसी तरह रोजा क्षेत्र के करीब डेढ़ वर्ष पूर्व विवाहित दंपति के बीच भी विवाद चल रहा था। पत्नी तीन माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने की शिकायत की। पत्नी दिल्ली में पति के साथ रहना चाहती थी, जबकि पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में अच्छा व्यवहार करने और उसे अपने साथ दिल्ली ले जाने का आश्वासन दिया। दोनों की सहमति से विवाद का निस्तारण कराया गया।

कांट क्षेत्र के 17 वर्ष पुराने वैवाहिक संबंध में भी विवाद के चलते पत्नी दो माह से मायके में रह रही थी। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने की बात कही। समझाइश के बाद पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी को खर्च देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया।

परिवार परामर्श केंद्र में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, मोनिका कुमारी और निशा मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!