पड़ोसियों की कथित दबंगई से परेशान पीड़ित ने तहसील समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार

टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह ,
छिबरामऊ, कन्नौज। सौरिख थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर में पड़ोसियों की कथित अभद्रता और मारपीट से परेशान एक व्यक्ति ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित जितेंद्र कुमार ने पड़ोस में रहने वाले साहिबे आलम, उनकी पत्नी बेबी और बेटे अनीश सहित अन्य लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट तथा घर में मीट की हड्डियां फेंकने के आरोप लगाए हैं।
जितेंद्र कुमार के अनुसार वह अपने पैतृक मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उनका आरोप है कि पड़ोसी आए दिन उनके परिवार के साथ अभद्रता करते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पीड़ित का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसके बाद जितेंद्र कुमार छिबरामऊ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पहुंचे। यहां उन्होंने उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।![]()
मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ मयंक मिश्रा ने सौरिख थाना अध्यक्ष को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।