विधवा की पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे का आरोप, संपूर्ण समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार

कोर्ट के यथास्थिति आदेश के बावजूद निर्माण कराने का दावा, एसडीएम से कार्रवाई की मांग
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्वर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह ,
छिबरामऊ, कन्नौज। तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम नरुईया में एक विधवा महिला की पैतृक संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। कानपुर के जूही में रहने वाली निर्मला देवी ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी छिबरामऊ को शिकायती पत्र देकर विवादित संपत्ति पर हो रहे निर्माण को रुकवाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय रमेश चंद्र के पैतृक मकान को लेकर दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके अलावा उपजिलाधिकारी न्यायालय से भी संपत्ति पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी है।![]()
महिला का आरोप है कि गांव के प्रेमचंद और उनके बेटे न्यायालय के आदेशों की अनदेखी कर विवादित मकान पर निर्माण कार्य करा रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर भी विपक्षियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह पहले भी कई बार तहसील दिवस में शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
निर्मला देवी ने प्रशासन से न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने, निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।