ब्लॉक स्तरीय युवा संसद में युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, विकसित भारत के निर्माण का दिया संदेश
मेरा युवा भारत पोर्टल से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने के लिए किया प्रेरित
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
छिबरामऊ, कन्नौज। मेरा युवा भारत, कन्नौज के तत्वावधान में बाबा विश्वनाथ विद्या मंदिर हाई स्कूल, सैंसारपुर में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना तथा विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, संस्थापक रमेश अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार और यूथ क्लब अध्यक्ष नारायण सिंह मौजूद रहे।
प्रशिक्षक ममता तिवारी, यशिका तिवारी, मनू दुबे और विकास कुमार ने मेरा युवा भारत तथा नशामुक्त भारत विषय पर युवाओं को जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनका स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त रहना समाज और राष्ट्र के विकास के लिए आवश्यक है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेरा युवा भारत पोर्टल से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, युवा संवाद और स्वयंसेवी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता विकसित कर सकते हैं। विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अतुल अग्निहोत्री ने अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक सरोज भदौरिया, सुनीता तिवारी, सूरज सिंह, अवनीश कुमार, कामिनी और शिवानी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों विकास, गोल्डी, आदित्य और पालक का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और विकसित भारत @2047 के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।