• Sun. Nov 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अजीतमल में संपूर्ण समाधान दिवस: 82 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर कर्मचारियों को फटकार

ByTen News One Desk

Nov 22, 2026
5 Views

अजीतमल में संपूर्ण समाधान दिवस: 82 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर कर्मचारियों को फटकार


भूमि विवाद और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक, डीएम ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! रामवीर पोरवाल ब्यूरो ,

औरैया। अजीतमल तहसील सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस में कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे अधिक शिकायतें भूमि एवं राजस्व विवाद तथा विद्युत विभाग से संबंधित रहीं।

इस दौरान ग्राम दहियापुर निवासी संजू कुमारी ने गांव के रोहित उर्फ लल्लू पुत्र रामनरेश पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। वहीं अलीपुर निवासी बृजेंद्र दुबे ने घरेलू बंटवारे के बावजूद अरविंद दुबे, रमाकांत दुबे और नरेंद्र दुबे पर जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया।

नवीन नगर बाबरपुर निवासी वीरेंद्र पुत्र कालीचरन ने अपनी भूमि से श्मशान के लिए रास्ता दिए जाने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में रास्ता दर्ज नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने लेखपाल पर दो हजार रुपये लेने और अतिरिक्त 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह ने लंबित शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय सीमा में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जरूरत पड़ने पर अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट विनोद कुमार मीणा, कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर सिंह सहित विद्युत, लोक निर्माण, जल निगम, नगर पंचायत, विकास, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!