• Sun. Nov 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

आठ साल से लापता बेटे का सुराग नहीं, मां ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की

ByTen News One Desk

Nov 22, 2026
4 Views

आठ साल से लापता बेटे का सुराग नहीं, मां ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की


दिल्ली में मजदूरी कराने के लिए ले जाने का आरोप, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की जिला अध्यक्ष को सौंपा शिकायती पत्र


टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,

शक्तिफार्म, उधम सिंह नगर। सितारगंज थाना क्षेत्र के निर्मल नगर रत्न फार्म नंबर-1 निवासी एक महिला ने अपने बेटे के करीब आठ वर्षों से लापता होने के मामले में ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग उत्तराखंड की जिला अध्यक्ष सपना ओझा को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायती पत्र के अनुसार, तुलसी मंडल पत्नी गोविंद मंडल ने आरोप लगाया है कि करीब आठ वर्ष पहले क्षेत्र निवासी ठेकेदार राकेश राय पुत्र तारापद राय उनके बेटे हेमंत मंडल उर्फ बंटी को मजदूरी कराने के लिए दिल्ली ले गया था। शुरुआत में करीब एक वर्ष तक बेटा घर आता-जाता रहा और फोन पर बातचीत भी होती रही, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया। महिला का कहना है कि पिछले सात वर्षों से बेटे का कोई पता नहीं चल पाया है।

महिला के मुताबिक, जब उन्होंने और उनके पति ने ठेकेदार से बेटे के बारे में जानकारी मांगी तो वह काम खत्म होने पर घर लौटने की बात कहकर टालता रहा। वर्ष 2024 में ठेकेदार ने कथित तौर पर बताया कि उनका बेटा उससे 10 हजार रुपये लेकर घर जाने की बात कहकर चला गया था।

शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि करीब तीन महीने पहले अन्य मजदूरों से पूछताछ करने पर पता चला कि लगभग एक वर्ष पहले हेमंत ने ठेकेदार से 20 हजार रुपये मजदूरी मांगी थी। इस पर कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। महिला ने ठेकेदार पर बेटे के संबंध में पूछताछ करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हुई है।

महिला का कहना है कि पूर्व में पुलिस चौकी में लिखित सूचना देने और थाना प्रभारी सितारगंज को पंजीकृत डाक से शिकायत भेजने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने आयोग के माध्यम से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोप शिकायती पत्र पर आधारित हैं। पुलिस या संबंधित ठेकेदार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।

अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो चीफ उधम सिंह नगर, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!