डीएम ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य का किया निरीक्षण, 16 दिसंबर तक फार्म जमा कराने के निर्देश

टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो ,
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन फतेहगढ़ में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण-2027 के कार्यों की स्थिति परखी। इस दौरान उन्होंने आलेख्य मतदाता सूची, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास फार्म-6, 7 और 8 की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आलेख्य मतदाता सूची का बारीकी से परीक्षण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
डीएम ने कहा कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। जिन नागरिकों का नाम अभी तक किसी भी निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उनसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरवाया जाए।
उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि फार्म-6 के साथ आवेदक की नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, सक्रिय मोबाइल नंबर, पूरा पता और आवश्यक अभिलेख अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं। सभी भौतिक रूप से भरे फार्म और संबंधित दस्तावेज 16 दिसंबर 2026 तक एकत्र करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किसी भी पात्र नागरिक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीएलओ अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और प्राप्त फार्मों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।