नजूल भूमि पर बसे देशज समाज के लोगों को मालिकाना हक देने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने और देशज भवन के लिए भूमि आवंटित करने की भी उठाई मांग
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,उधमसिंहनगर
रुद्रपुर (उत्तराखंड)। नजूल भूमि पर बसे देशज समाज के लोगों को मालिकाना हक देने सहित विभिन्न सामाजिक और बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में समाज से जुड़ी कई लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
समिति की ओर से मांग की गई कि नजूल भूमि पर लंबे समय से रह रहे लोगों को निशुल्क मालिकाना हक दिया जाए। इसके साथ ही प्रीत विहार कॉलोनी में सोलिंग भूमि पर बसे लोगों को वैध मान्यता देने और बिंदुखत्ता गांव को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में अन्य समाजों के भवनों की तर्ज पर देशज भवन के निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने और भवन का निर्माण कराने का अनुरोध किया गया। समिति के प्रतिनिधियों का कहना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा स्थायी मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में कथित भेदभाव समाप्त करने तथा जाति प्रमाण पत्र की समय-सीमा खत्म कर उसे आजीवन वैध मानने की मांग भी की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के संरक्षक एडवोकेट जुगल बल्लभ गोस्वामी, श्री शिवानंद महाराज (ढुठिया बाबा), अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव जोएन तिवारी, सुब्रत विश्वास, सबाहत हुसैन खान सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो रिपोर्ट रुद्रपुर।