• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गलत तथ्यों के आधार पर बनवाया आय प्रमाण पत्र जांच में त्रुटिपूर्ण, एफआईआर दर्ज

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
9 Views

गलत तथ्यों के आधार पर बनवाया आय प्रमाण पत्र जांच में त्रुटिपूर्ण, एफआईआर दर्ज


आंगनबाड़ी कार्यकत्री चयन से जुड़ा मामला, परिवार की आय 42 हजार के बजाय 1.55 लाख रुपये वार्षिक मिली


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। ग्राम अकबरपुर में आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद पर चयन से जुड़े शिकायत प्रकरण में जिलाधिकारी के निर्देश पर कराई गई जांच में आय प्रमाण पत्र के लिए वास्तविक तथ्यों को छिपाने का मामला सामने आया है। जांच में संबंधित परिवार की वार्षिक आय 1,55,320 रुपये आकलित की गई, जबकि पूर्व में परिवार का 42 हजार रुपये वार्षिक आय का प्रमाण पत्र जारी हुआ था। जांच में प्रमाण पत्र त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर इसे निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, लेखपाल की तहरीर पर थाना सेहरामऊ दक्षिणी में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रकरण ग्राम नौसिया गौटिया निवासी अंकिता यादव पत्नी यतेन्द्र सिंह की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने ग्राम अकबरपुर में आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद के लिए आवेदन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि चयन प्रक्रिया में आकांक्षा यादव पुत्री अहिवरन सिंह के आय संबंधी अभिलेखों में वास्तविक तथ्यों को छिपाया गया है। शिकायत में आकांक्षा की माता के गांव में कोटेदार होने, परिवार के पास कृषि भूमि और मकान होने तथा आर्थिक स्थिति निर्धारित आय से अधिक होने की बात कही गई थी।

शिकायत पर जिलाधिकारी ने स्थलीय और अभिलेखीय जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान ग्राम नौसिया के पंचायत घर में दोनों पक्षों और ग्रामीणों की मौजूदगी में बयान दर्ज किए गए तथा संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया।

जांच में सामने आया कि आकांक्षा यादव की माता गीता यादव ग्राम नौसिया की कोटेदार हैं। पूर्ति विभाग से प्राप्त विवरण के अनुसार उन्हें अप्रैल, मई और जून में राशन वितरण कमीशन के रूप में क्रमशः 9,142 रुपये, 9,110 रुपये और 9,125 रुपये मिले। इसके आधार पर कोटे से उनकी अनुमानित वार्षिक आय 1,09,320 रुपये आकलित की गई।

इसके अलावा आकांक्षा के पिता अहिवरन सिंह के नाम ग्राम नौसिया में करीब सात बीघा कृषि भूमि पाई गई, जिससे वार्षिक आय लगभग 46 हजार रुपये आकलित की गई। परिवार के एक सदस्य के पंचायत सहायक होने की जानकारी भी जांच में सामने आई। इस तरह परिवार की कुल वार्षिक आय 1,55,320 रुपये निर्धारित की गई।

जांच में आय प्रमाण पत्र संख्या 261520010097644, जो 15 जुलाई 2026 को जारी किया गया था, त्रुटिपूर्ण पाया गया। प्रशासन ने इसके निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, लेखपाल सुधा सिंह की तहरीर के अनुसार आय प्रमाण पत्र के आवेदन के साथ दिए गए स्वघोषणा पत्र में पत्नी के कोटेदार होने और उससे प्राप्त होने वाली आय की जानकारी नहीं दी गई थी। आरोप है कि वास्तविक आय छिपाकर कम आय दर्शाते हुए प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया। इस संबंध में थाना सेहरामऊ दक्षिणी में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

प्रशासन का कहना है कि मामले में अभिलेखीय साक्ष्यों और आय के विभिन्न स्रोतों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Ten News One Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!