सिटी पार्क में जनगणना-2027 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

प्रशासनिक अधिकारियों ने निवासियों को दी जनगणना की प्रक्रिया और महत्व की जानकारी
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिटी पार्क रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की ओर से सेंट्रल पार्क में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने निवासियों से सीधा संवाद कर जनगणना के महत्व और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में एडीएम एफआर अरविंद, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी एवं अतिरिक्त अधिकारी (मुख्यालय) नीलिमा यादव, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप तथा स्टेट मास्टर ट्रेनर अनूप वर्णवाल अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।![]()
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिओम सिंह ने की, जबकि संचालन हरिशंकर कनौजिया ने किया। इस दौरान सिटी पार्क फेज-1 के अध्यक्ष मनिल बाजपेई और फेज-2 के अध्यक्ष अनिल मिश्रा सहित अरुण खंडेलवाल, दीपक सक्सेना, अरुण गुप्ता, अरुण दीक्षित, स्वाति सिंह, डॉ. संगीता मोहन, संदेश गुप्ता, अमित गुप्ता, नवीन शुक्ला, विकास बाजपेई, नवनीत प्रभाकर, राजवीर गौतम, सुचित पाण्डेय, राकेश सक्सेना, डॉ. हेमेन्द्र वर्मा, विवेक तुली, चंद्रशेखर और आशीष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
आरडब्ल्यूए की इस पहल को निवासियों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला। बड़ी संख्या में परिवारों ने कार्यक्रम में भाग लेकर जनगणना के प्रति जागरूकता दिखाई। कार्यक्रम में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अंत में आरडब्ल्यूए की ओर से कार्यक्रम में शामिल प्रशासनिक अधिकारियों और सहयोग करने वाले सभी निवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। एसोसिएशन ने कहा कि प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद तथा जागरूक जनभागीदारी से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है।