सौरिख में अधेड़ की संदिग्ध मौत से गांव में तनाव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

दो दिन तक अंतिम संस्कार को लेकर रहा गतिरोध, पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद हुआ दाह संस्कार
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह ,
छिबरामऊ, कन्नौज। जनपद कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम मझगवां में 57 वर्षीय अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर घर से बुलाकर ले जाने और हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में दूसरा पहलू भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 22 नवंबर की रात की है। मृतक बृजेंद्र सिंह की पत्नी और परिजनों का आरोप है कि रात करीब आठ बजे गांव का रहने वाला रनदीप उनके घर आया और रिश्तेदारी में निमंत्रण खाने की बात कहकर बृजेंद्र को अपने साथ ले गया। परिजनों के मुताबिक, करीब दो घंटे बाद रात दस बजे रनदीप बृजेंद्र को मृत अवस्था में उनके दरवाजे पर छोड़कर चला गया।![]()
वहीं, मामले में सामने आई दूसरी जानकारी के अनुसार, रनदीप और बृजेंद्र ई-रिक्शा से पड़ोसी गांव में निमंत्रण खाने जा रहे थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर समाधान नगला के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया कि ई-रिक्शा के नीचे दबने से बृजेंद्र सिंह की मौत हो गई।
बृजेंद्र की मौत के बाद परिजनों ने रनदीप पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब दो दिन तक चले गतिरोध और पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद 24 नवंबर को परिजनों की सहमति से पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
इस संबंध में सौरिख थाना प्रभारी नागेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर चोटें बताया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।