चरका में खनन को लेकर उठे सवाल, नदियों के दोहन और ओवरलोड वाहनों से ग्रामीण परेशान

शालिनी सिंह पटेल ने खदानों का किया निरीक्षण, निष्पक्ष जांच और किसानों को सिंचाई के लिए पानी देने की उठाई मांग
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! माया तिवारी ब्यूरो ,
बांदा। जनपद की बबेरू तहसील के कमासिन ब्लॉक अंतर्गत चरका क्षेत्र में खनन गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। खंड संख्या 3, 4, 5, 9 और 10 सहित कई खदानों में संचालित खनन को लेकर ग्रामीणों ने नदियों के दोहन, खेतों को नुकसान और ओवरलोड बालू लदे ट्रकों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की शिकायत की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बालू का खनन किया जा रहा है। ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में है। उनके मुताबिक, क्षेत्र में कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है। ग्रामीणों ने नहर में सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़े जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि खनन प्रभावित होने की आशंका के चलते किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिल पा रहा है।![]()
ग्रामीणों ने यह सवाल भी उठाया कि खदानों से बालू के साथ बड़ी मात्रा में पानी निकाला जा रहा है और ट्रकों में भरने के बाद काफी देर तक पानी बहता रहता है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस पर रोक लगाने और खनन गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।
इसी क्रम में जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने चरका क्षेत्र पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और खदानों के आसपास जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की नदियां क्षेत्र की जीवनरेखा हैं और उनके प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
उन्होंने जिला प्रशासन, खनन विभाग और परिवहन विभाग से सवाल उठाते हुए खनन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराने, ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने और किसानों को नहर से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने यह भी पूछा कि जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस समस्या पर अपनी स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं कर रहे हैं।
माया तिवारी, ब्यूरो चीफ बांदा