कन्नौज में बेकाबू होकर खाई में गिरी ओमनी वैन, सात लोग घायल

तीन घायलों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज कन्नौज रेफर
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह ,
छिबरामऊ, कन्नौज। जनपद कन्नौज के सकरावा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक ओमनी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात करीब आठ बजे मैनपुरी से आ रही ओमनी वैन (नंबर UP84 AW1062) जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन खाई में जा गिरी।![]()
हादसे की सूचना मिलते ही सकरावा थाना प्रभारी निरीक्षक भागमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय मदद से सभी घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख भेजा। इसके बाद ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वैन को भी खाई से बाहर निकलवाया गया।
सीएचसी सौरिख में डॉक्टरों ने बच्चे समेत चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। वहीं, मैनपुरी जनपद के करहल निवासी 40 वर्षीय छत्ताराम, 38 वर्षीय अमित कुमार और 25 वर्षीय शनि की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज कन्नौज रेफर कर दिया गया।![]()
फिलहाल, पीड़ित पक्ष की ओर से थाना सकरावा में कोई तहरीर या प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है।
नीरज प्रताप सिंह, टेन न्यूज़, छिबरामऊ-कन्नौज।