राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण के तीसरे दिन युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और नशामुक्ति का संदेश

पूर्व जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान ने कर्तव्यनिष्ठा का महत्व समझाया, अलवीरा के नुक्कड़ नाटक ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई मेरा युवा भारत (माय भारत), शाहजहांपुर के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षण में हाथरस, अमरोहा, लखीमपुर खीरी और संभल के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं।
दिन के प्रथम सत्र में पूर्व जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, समय प्रबंधन और कर्तव्यनिष्ठा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर प्रयास और अपने दायित्वों के प्रति ईमानदारी भी जरूरी है। युवा समाज की बड़ी शक्ति हैं और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।![]()
इसके बाद कृष्ण पाल सिंह ने माय भारत मंच की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवकों को माय भारत पोर्टल के उपयोग, युवा मंडलों के गठन, कार्यक्रमों के आयोजन और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
बरेली से आए प्रमोद ने स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह सामूहिक बचत, स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने का माध्यम हैं। इनके जरिए विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से ग्रामीण क्षेत्रों में समूहों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर हाथरस के जिला युवा अधिकारी मनीष भी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं के संगठनात्मक विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
सामाजिक जागरूकता सत्र में माय भारत की युवा स्वयंसेविका अलवीरा ने ‘नशामुक्त युवा : विकसित भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को दर्शाते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने युवाओं से अपने साथियों और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में माय भारत शाहजहांपुर के उप निदेशक माहे आलम, प्रशिक्षक सुरेश चंद आर्य, बहुउद्देशीय कर्मचारी देवेश कुमार, चिकित्सा दल से डॉ. नव्या सिंह और प्राथमिक उपचार सहायक विकास पराशर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न जनपदों से आए राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को विकसित करना है, ताकि वे अपने क्षेत्रों में युवा गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।