परिवार परामर्श केंद्र में 20 मामलों की सुनवाई, एक दंपति के बीच सुलह

पति के आश्वासन पर पत्नी साथ रहने को हुई राजी, ढाई साल पहले हुआ था विवाह
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार को पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए परामर्श सत्र आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस सत्र में कुल 20 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर एक दंपति के बीच चल रहे विवाद का निस्तारण कराया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना खुटार क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब ढाई वर्ष पहले हुआ था। पत्नी पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। परामर्श केंद्र में सुनवाई के दौरान पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने का आरोप लगाया।
परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की समस्याएं सुनकर उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों, आपसी सम्मान और सामंजस्य का महत्व समझाया। इसके बाद पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी को उचित खर्च देने का आश्वासन दिया। दोनों ने आपसी सहमति से मतभेद समाप्त कर फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद दंपति को सकुशल विदा किया गया।
इस अवसर पर परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, रश्मि चौधरी और निशा मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।