• Wed. Nov 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने सीसी टीमों को दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Nov 25, 2026
7 Views

सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने सीसी टीमों को दिए निर्देश


उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो पुलिसकर्मी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित, घायलों को गोल्डन आवर में उपचार दिलाने पर जोर


टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर,। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में सभी थानों की सीसी टीमों के साथ गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के बाद त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी यातायात मौजूद रहे। जनपद के सभी थानों के सीसी टीम प्रभारी और पुलिसकर्मी सभागार में उपस्थित हुए, जबकि क्षेत्राधिकारीगण और थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना होने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को गोल्डन आवर के भीतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभाए। दुर्घटना के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग को बढ़ावा देने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सीसी टीमों के कार्यों की समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें थाना रोजा के मुख्य आरक्षी विनोद और थाना सदर बाजार दक्षिणी के आरक्षी नितिन पुनिया शामिल हैं।

एसपी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी तत्परता और कार्यकुशलता से काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अन्य थानों की सीसी टीमों में भी सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और सीसी टीमों को आपसी समन्वय के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित पुलिस सहायता और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!