मेडिकल कॉलेज कांट में जनगणना-2027 की स्व-गणना को लेकर प्रशिक्षण सत्र आयोजित

चिकित्सकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रक्रिया की दी जानकारी, आमजन को जागरूक करने की अपील
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज कांट में प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें चिकित्सकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार की उपस्थिति में राज्य मास्टर ट्रेनर अनूप कुमार वर्णवाल और चिंतामणि तिवारी तथा जिला फील्ड ट्रेनर मुकेश कुमार ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षकों ने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक जनगणना प्रक्रिया में सीधे भागीदारी कर सकते हैं। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ ही अपने परिवार, परिचितों और आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।![]()
प्रशिक्षण के दौरान स्व-गणना से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारियां साझा की गईं। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा संस्थानों के माध्यम से जनगणना-2027 में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।