रूपापुर में नवगठित बी-पैक्स सहकारी समिति का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी कई सुविधाएं

विधायक हरिप्रकाश वर्मा और जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपीएस राठौर ने किया उद्घाटन
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
जलालाबाद, शाहजहांपुर। विकासखंड जलालाबाद के रूपापुर में नवगठित बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति) का शुभारंभ किया गया। विधायक जलालाबाद हरिप्रकाश वर्मा और जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर के सभापति डीपीएस राठौर ने फीता काटकर समिति के कार्यों का उद्घाटन किया। इस पहल को क्षेत्र के किसानों के हित में सहकारिता विभाग का महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस अवसर पर विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नवगठित बी-पैक्स से किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।![]()
जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपीएस राठौर ने कहा कि समिति के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, ऋण और अन्य कृषि संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे किसानों का समय बचेगा और उन्हें बिचौलियों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हो सकती है।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी शाहजहांपुर डॉ. गणेश गुप्ता ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान अपर जिला सहकारी अधिकारी जलालाबाद शिवरतनलाल, अपर जिला सहकारी अधिकारी सदर हरिकेश परमार, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने नवगठित समिति के संचालन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।