मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सुनी ‘मन की बात’

नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, स्वदेशी उत्पादों और फिट इंडिया अभियान के संदेशों पर दिया जोर
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंहनगर उत्तराखंड
मसूरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें संस्करण को उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नशामुक्त युवा, साइबर सुरक्षा, स्वदेशी उत्पादों, खेल और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को जागरूक किया।
गणेश जोशी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। प्रधानमंत्री ने ऐसे युवक की प्रेरणादायक कहानी साझा की, जिसने पुनर्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर नशे की लत छोड़कर नई जिंदगी शुरू की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। ![]()
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘संचार साथी’ पोर्टल के महत्व पर भी चर्चा की। उनके अनुसार, इस पोर्टल के माध्यम से 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और संभावित साइबर धोखाधड़ी से पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान रोका गया है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शोभा सिंह की 125वीं जयंती, बीएन राव को श्रद्धांजलि, बिहार म्यूजियम और वडनगर संग्रहालय की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। इसके अलावा तमिलनाडु के पाम गुड़ का यूरोप निर्यात, भारतीय चॉकलेट निर्यात में 25 प्रतिशत वृद्धि और कच्छ में ऊंटनी के दूध के बढ़ते उपयोग को स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान से जोड़कर प्रस्तुत किया गया।
गणेश जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100 संस्करण पूरे होने को फिट इंडिया अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही फुटबॉल और बैडमिंटन खिलाड़ियों की सफलता, खेलो इंडिया यूथ गेम्स तथा सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए ‘आईगॉट कर्मयोगी’ मंच की भूमिका पर भी चर्चा की।
मंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में सकारात्मक बदलाव, जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री के संदेशों को अपनाकर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकता है।