नैनीताल में 14 स्थानों पर एक साथ मेगा मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियां परखीं

भूकंप, अग्निकांड, रासायनिक रिसाव और भगदड़ जैसी परिस्थितियों का अभ्यास, पुलिस-एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंहनगर उत्तराखंड
नैनीताल। भूकंप, आग, रासायनिक रिसाव, भगदड़ और अन्य आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को नैनीताल जिले में 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कृत्रिम आपदा की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मॉक ड्रिल के दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने, अस्पताल पहुंचाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जांच की गई। अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित करने की क्षमता का आकलन करना था।
अभ्यास के लिए जिले के 14 स्थानों पर अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियां तैयार की गईं। इनमें बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग, वॉक-वे मॉल हल्द्वानी में भूकंप के बाद अग्निकांड, जमरानी बांध क्षेत्र में सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव तथा लालकुआं स्थित पेपर मिल में रासायनिक रिसाव की स्थिति का अभ्यास किया गया।
इसके अलावा कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़, जबकि कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, रामनगर और हल्द्वानी के विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में भूकंप के बाद राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया गया।
संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) टीमों के नेतृत्व में सभी स्थानों पर अभियान संचालित किया गया। इसमें पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
मॉक ड्रिल की गतिविधियों की मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी भी की गई। इसके जरिए विभिन्न स्थानों पर टीमों की प्रतिक्रिया, कार्यप्रणाली और आपसी समन्वय का आकलन किया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। प्रशासन के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा और राहत-बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।