मीरानपुर कटरा में रेलिंग से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज़ !! ०२ मार्च २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । जलालाबाद रोड स्थित हिमालय कोल्ड स्टोर के सामने शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फीलनगर निवासी अंकित पुत्र पप्पू किसी कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा कटरा आ रहे थे। जैसे ही वह 99 मॉल के सामने पहुंचे, अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रूपकिशोर सिंह, अजय पाल तथा ट्रैफिक पुलिसकर्मी अभिषेक और करण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा भिजवाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया।
स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






