औरैया पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 17 लाख के 111 गुम मोबाइल बरामद, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
टेन न्यूज़ ii 30 मार्च 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। जनपद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्वाट और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयासों से विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से जहां लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस मिली, वहीं पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता भी सामने आई है।
यह सफलता अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा के पर्यवेक्षण में हासिल हुई। आमजन द्वारा दर्ज कराई गई मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतों पर स्वाट और सर्विलांस टीम लगातार काम कर रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के आधार पर टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संबंधित मोबाइल धारकों को सूचित कर उन्हें उनके फोन वापस भी किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मोबाइल में ‘संचार साथी’ ऐप जरूर डाउनलोड करें।
यह ऐप मोबाइल खो जाने की स्थिति में ट्रैकिंग और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में सहायक होता है। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस सफल अभियान में प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक समित चौधरी और प्रभारी स्वाट टीम उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार अपनी टीमों के साथ सक्रिय भूमिका में रहे।
— औरैया से ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल की रिपोर्ट






