उमर्दा विकासखंड का अपर आयुक्त रेनू सिंह ने किया औचक निरीक्षण

टेन न्यूज़ !! २७ फरवरी २०२६ !! जयपाल सिंह सेंगर, तिर्वा/कन्नौज।
जनपद कन्नौज के विकासखंड उमर्दा (तिर्वा) में शुक्रवार को अपर आयुक्त रेनू सिंह ने पहुंचकर विभिन्न विभागों में संचालित विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 11 बजे विकासखंड कार्यालय पहुंचीं अपर आयुक्त ने अलग-अलग विभागों में जाकर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से गहन पूछताछ की तथा अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने समाज कल्याण विभाग, एनआरएलएम तथा कृषि विभाग की समीक्षा की। एनआरएलएम में शेखावत अली से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। कृषि विभाग में किसानों को दी जा रही बीज सब्सिडी व कृषि योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रवीण कुमार यादव व धीरज गुप्ता से कराए गए विकास कार्यों की जानकारी ली गई। प्रस्तुत विवरण पर संतोष व्यक्त करते हुए अपर आयुक्त ने कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विकासखंड परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर उन्होंने प्रसन्नता जताई तथा खंड विकास अधिकारी श्रीमती सोनिया गांधी एवं ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की। निजी सचिव सत्यम दुबे ने शौचालय, वॉशरूम व पेयजल व्यवस्था का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, वीडियो पंचायत देवन सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कन्नौज से सब ब्यूरो जयपाल सिंह सेंगर की रिपोर्ट






