• Thu. Jun 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, ताजिया की ऊंचाई 8 फीट तय

ByTen News One Desk

Jun 18, 2026
3 Views

मुहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, ताजिया की ऊंचाई 8 फीट तय


टेन न्यूज ii 18 जून 2026 ii डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिस्मिल सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न ताजिया कमेटियों एवं धर्मगुरुओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में ताजिया जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, विद्युत तारों, जलनिकासी और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। शाहबाजनगर क्षेत्र में बिजली के तारों और सफाई की समस्या उठाई गई, जबकि थाना पुवायां क्षेत्र में चोक नालियों की शिकायत पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजिया मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर अवरोधों को हटाया जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने को कहा गया।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ताजिया की अधिकतम ऊंचाई 8 फीट निर्धारित की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऊंचे ताजिए विद्युत तारों के संपर्क में आने से हादसों का कारण बन सकते हैं, विशेषकर धातु या एल्युमिनियम फॉयल के प्रयोग से खतरा बढ़ जाता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार के शस्त्र, भाला, ट्यूबलाइट अथवा खतरनाक वस्तुओं का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक झंडे लगाए जा सकेंगे, लेकिन किसी अन्य देश का झंडा या गैर-परंपरागत सामग्री का प्रयोग नहीं होगा।

नगर आयुक्त ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर सड़क मरम्मत, पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। चांद रात और मुहर्रम के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि मुहर्रम पर्व के दौरान किसी भी समस्या या सूचना के लिए 9415901747 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!