प्यार के लिए आईमन बनी ‘कृतिका’, मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी

टेन न्यूज़ !! ११ मार्च २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली। जिले में प्यार के लिए मजहबी दीवारें लांघने का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक के साथ सात फेरे लेकर अपना जीवन बिताने का फैसला किया। युवती ने अपना नाम बदलकर आईमन अहमद से कृतिका रख लिया और मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।
पांच साल से चल रहा था प्रेम संबंध
मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा गांव का बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली आईमन अहमद और ऐहार निवासी शिवम् के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती के बालिग होने का इंतजार करने के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को शादी के बंधन में बांधने का फैसला किया।
बताया जा रहा है कि आईमन करीब 14 दिन पहले ही 18 वर्ष की हुई है। बालिग होते ही दोनों ने ऐहार स्थित बालहेश्वर मंदिर में पहुंचकर पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह कर लिया।
नवविवाहित जोड़ा खुश
शादी के बाद युवती ने अपना नाम बदलकर कृतिका रख लिया है। नवविवाहित जोड़ा इस फैसले से बेहद खुश नजर आ रहा है और साथ मिलकर नई जिंदगी शुरू करने को लेकर उत्साहित है।
शिवम् (वर) ने बताया कि वह दोनों पिछले पांच साल से एक-दूसरे को जानते हैं और युवती के बालिग होने का इंतजार कर रहे थे। अब बालिग होने के बाद उन्होंने मंदिर में भगवान के सामने शादी कर ली है।
वहीं कृतिका (वधु) ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से हिंदू धर्म अपनाया है और शिवम् से विवाह किया है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते थे और अब साथ मिलकर नई जिंदगी शुरू कर रहे हैं।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।






