औरैया: घर में अकेली वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, हत्या और लूट की आशंका

बंथरा गांव में बिखरा मिला सामान, बक्सों के ताले टूटे मिले; पुलिस ने शुरू की जांच
टेन न्यूज़ !! २४ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में घर में अकेली रह रही करीब 62 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के अंदर सामान बिखरा मिलने और बक्सों के ताले टूटे होने से हत्या के साथ लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंथरा गांव निवासी भूरी देवी पत्नी अनंगपाल सिंह अपने मकान में अकेली रहती थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य नौकरी और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहते हैं। शुक्रवार सुबह सोनू पुत्र महिपाल सिंह की भतीजी भूरी देवी के घर तसला मांगने पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद छत पर चढ़कर देखा गया तो भूरी देवी का शव घर के अंदर पड़ा दिखाई दिया। उनके मुंह पर साड़ी बंधी हुई थी। लोगों ने साड़ी हटाई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पारिवारिक भतीजे सोनू सिंह ने बताया कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। इससे हत्या और लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा और क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि महिला की मौत की सूचना पर पुलिस जांच कर रही है। मृतका के परिजन दूसरे शहरों में रहते हैं। उनके आने के बाद मामले से संबंधित अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।