नेशनल हाईवे ओवरब्रिज पर बस का टायर फटा, यात्री घायल

लोहे की चद्दर फटने से 52 वर्षीय मजदूर के पैर में लगी गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर
टेन न्यूज़ !! २४ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम ओवरब्रिज पर मजदूरों से भरी बस का पिछला टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने से बस के अंदर लगी लोहे की चद्दर भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी चपेट में आने से 52 वर्षीय यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की सूझबूझ से बस अनियंत्रित होने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र से मजदूरों को लेकर एक बस जसवंतनगर स्थित ईंट भट्ठे पर जा रही थी। इसी दौरान अनंतराम ओवरब्रिज पर कंडक्टर की तरफ का पिछला टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने के कारण बस के अंदर लगी लोहे की चद्दर भी फट गई। इसकी चपेट में आने से राठ क्षेत्र के बंधवा निवासी राम अवतार के पैर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद चालक प्रदीप कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित किया और सुरक्षित रोक लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), अजीतमल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चिचैली रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।